Arun kumar dwivedi 17 Jan 2025 आलेख हास्य-व्यंग चाँद की बदमाशी 40137 0 Hindi :: हिंदी
चाँद की बदमाशी कल यानि की 20 अक्तूबर 2024 को पति आयुवर्धन व्रत ( जिसको कुछ विद्वान पता नहीं किस कारण से करवा चौथ कहते हैं ) था । करवा चौथ नाम से पति के आयु बढ़ने का कोई सीधा संबंध भी है या नहीं , यह विषय पूरी तरह शोध का है , हो सकता है हमारे कुछ पूर्वजों ने इस विषय पर शोध किया भी हो परंतु कुछ स्पष्ट बताकर नहीं गए इसलिए मैं इसके नाम और गुण के मध्य तादात्म्य स्थापित करने में असहायता का अनुभव कर रहा हूँ । कल तो चाँद प्रेमी सुहागिनों को चाँद ने इतना दुखी किया जैसे उनका बिदेसिया लंबे प्रवास के बाद सावन मास में लौटा हो और प्रेमिका उसे चपला के प्रकाश में देखने और दूर रहने के कारण उसके स्वास्थ्य पर पड़े प्रभाव का आकलन करने का प्रयास कर रही हो । पर वाह रे पतिआयुवर्धन व्रत की व्रती देवियों कल चाँद के द्वारा की गई बदमाशी को आपने जिस प्रकार सहन किया उससे एक बात तो स्पष्ट हो गई की आप वे सारे उद्योग करने में सक्षम हैं जिनसे पति के दीर्घजीवी होने की तनिक भी संभावना होती है । हद तो तब हो गई जब पहली बार अस्पष्ट दिखने के बाद बिना दाना - पानी के भूखी -प्यासी व्रती महिलाओं को दुखी छोड़ कर चाँद बादल की गोद में खेलने चला गया ।हालांकि चाँद जैसे सभ्य से ऐसी संभावना नहीं थी को वह अपने क्षणिक सुख के लिए धरती की भूषणावृत देवियों का तिरस्कार करे । कुछ मिनट बाद वह दिखा तो परंतु उसकी स्थिति ,आवत – जात न जानियत वाली रही । जब उससे सौभाग्यशाली पतियों का दुख नहीं देखा गया या हो सकता हो शची को भूखा प्यासा देखकर इन्द्र से डाँट खाने के बाद वह बादल की गोदी से बाहर आया ।