Nihal singh 02 Jan 2026 कहानियाँ समाजिक #ख्वाब_के_पार_हक़ीक़त #हिंदी_कहानी #क्रमशः #संवेदना #शिक्षा_और_समाज #युवा_मन #मित्रता #विचार_कथा #जीवन_दर्शन #साहित्य_लाइव 12195 1 5 Hindi :: हिंदी
ख्वाब के पार : हक़ीक़त (भाग – 2) सूर्य अस्ताचल की ओर झुक रहा था। शाम की हल्की ठंडक के बीच, आदि पार्क की एक बेंच पर अपने दोस्त उदय के साथ बैठा था। वे बातें तो कर रहे थे, लेकिन उदय को आज आदि कुछ अलग ही लगा। उसकी आँखों में बेचैनी थी, और शब्दों में बिखराव। उदय ने टोकते हुए पूछा— “क्या बात है? आज कहीं खोए-खोए से लग रहे हो।” आदि ने जल्दी से कहा— “नहीं… ऐसी कोई बात नहीं।” उदय मुस्कराया— “कहीं किसी पर दिल तो नहीं आ गया?” इतना कहकर वह हँस पड़ा। पर आज आदि को हँसी नहीं आई। उसका मन कहीं और उलझा था— विकल्प में, उसके सवालों में, और उस अधूरी बातचीत में। वह इन्हीं खयालों में डूबा था कि दूर से उसे विकल्प अपनी ओर आता दिखा। उसे देखते ही आदि का मौन टूट गया। वह अचानक उठ खड़ा हुआ और उसके मुँह से सहसा निकला— “विकल्प!” आदि की यह उत्सुकता देखकर उदय चौंका। “इसमें इतनी उछलने की क्या बात है? वह तो रोज़ ही यहाँ आता है।” आदि बोला— “अगर ज़िंदगी में कोई बात अधूरी रह जाए और उसके पूरे होने की एक छोटी-सी किरण भी दिख जाए, तो खुशी अपने आप छलक पड़ती है। आज वही किरण सामने है।” उदय ने हँसते हुए कहा— “कौन-सी खिचड़ी पका रहे हो तुम दोनों?” आदि ने कहा— “यह तो विकल्प ही बताएगा।” तभी विकल्प पास आ गया। उसने मुस्कराकर कहा— “क्या बात है? इतना क्यों उछल रहे हो? पाँव ज़मीन पर रखो, हवा में मत उड़ो।” आदि ने जवाब दिया— “जो बात अधूरी रह गई थी, उसे पूरा सुने बिना मुझे चैन नहीं। और तुम कहते हो ज़मीन पर रहो! तुमने ही तो मेरे पैरों के नीचे की ज़मीन खिसका दी।” विकल्प गंभीर हो गया। “समझता हूँ, लेकिन अभी बात का समय ठीक नहीं। थोड़ी देर में अँधेरा हो जाएगा और बात फिर बीच में रह जाएगी। कल संडे है, मेरे घर आ जाना, तसल्ली से बात करेंगे।” वह बात टालना चाहता था, खासकर उदय के सामने। लेकिन आदि ज़िद पर अड़ गया। “बस एक विषय के बारे में बता दो, बाकी कल।” आदि की ज़िद देखकर उदय ने स्थिति समझ ली। वह बोला— “शायद विकल्प मेरे सामने सहज नहीं है। मैं चलता हूँ, वैसे भी घर जल्दी जाना है।” कहकर वह उठने लगा। तभी विकल्प ने कहा— “नहीं, कोई कहीं नहीं जाएगा। सब साथ ही चलेंगे।” फिर उसने आदि की ओर देखा— “पूछो, क्या जानना है?” आदि ने कहा— “हमारे मैथ्स के सर बहुत अच्छा पढ़ाते हैं। जब तक सभी समझ न लें, तब तक समझाते रहते हैं। तो फिर वे तुम्हें उस खाई से क्यों नहीं निकाल पाए?” विकल्प मुस्कराया। “यही तुम्हारी परेशानी है— जो सीधा कहा जाए, बस वही मान लेते हो।” आदि चौंका— “क्या मतलब?” अब तक उदय बात की गहराई से दूर था, लेकिन अब वह भी ध्यान से सुनने लगा। विकल्प बोला— “मैंने पहले भी कहा था— यह मेरे ख्वाब के पार की हक़ीक़त है। तुम लोग ख्वाब और खाई में ही अटके रहे। खाई मेरा सपना था, लेकिन उसके पार एक सच छुपा है।” आदि ने कहा— “पहेलियाँ मत बुझाओ, सीधे जवाब दो।” विकल्प बोला— “मेरे ख्वाब की खाई असल में दुनिया का प्रतीक है। और उससे मुझे सिर्फ़ हिन्दी के अध्यापक ही बाहर निकाल पाए।” अब उदय बोला— “लेकिन मैथ्स भी तो समस्या सुलझाने का विषय है।” आदि ने समर्थन किया— “मैथ्स से तो तार्किक बुद्धि बनती है, जो हर हाल में जीना सिखाती है।” विकल्प ने शांति से कहा— “तुम दोनों सही हो। लेकिन समाज की समस्याएँ कोई समीकरण नहीं होतीं कि एक फ़ॉर्मूला लगाओ और हल निकाल लो। यहाँ शब्दों, भावनाओं और संवेदनाओं की ज़रूरत होती है।” वह रुका, फिर बोला— “मैं खाई से हिन्दी वाले सर की कविता सुनकर बाहर आया था। क्या उसे सिर्फ़ कविता समझा?” आदि बोला— “तुमने तो यही कहा था।” विकल्प मुस्कराया— “मैंने कहा था कि मैंने उसे सुनकर खुद को बाहर निकाला।” उदय ने पूछा— “सुनने से तुम्हारा क्या मतलब है?” विकल्प बोला— “किसी भी लिखे हुए शब्द को लय और भाव के साथ पढ़ना उसे जीवित कर देता है। वरना कविता, गीत या विचार— सब सिर्फ़ मरे हुए शब्दों का ढाँचा हैं। हिन्दी मुझे शब्दों में जान डालना सिखाती है। मैथ्स के सर की आवाज़ मुझे बस आदेश लगती है, संवेदना नहीं। यही दूरी मुझे उनसे अलग कर देती है।” आदि और उदय एक-दूसरे की ओर देख कर बोले— “अच्छा… अब समझ में आया।” विकल्प ने कहा— “चलो, अब घर चलते हैं। रात भी अपने पाँव पसारने लगी है।” आदि बोला— “ख्वाब के पार की हक़ीक़त अभी पूरी तरह नहीं समझी, लेकिन एक नया सवाल ज़रूर पैदा हो गया है।” विकल्प मुस्कराया— “कल, हर सवाल का जवाब दूँगा।” तीनों दोस्त अपने-अपने घर की ओर चल पड़े। (क्रमशः) क्या सच में हर समस्या का हल तर्क से निकलता है, या कुछ जवाब सिर्फ़ संवेदना देती है? आपकी राय जानना चाहता हूँ। इस कहानी पर आप की राय चाहता हूँ ताकि आगे का भाग लिखने कि प्रेरणा मिले
5 months ago